Breaking News Crime Chhattisgarh Balrampur Education Police Law & Order Local News

खीरा लोड करने के बहाने जंगल पहुंचा वाहन, चोरी की साल लकड़ी लोड करते महिंद्रा वाहन जब्त; आरोपी फरार

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

 जंगल में अवैध साल लकड़ी की तस्करी का भंडाफोड़, महिंद्रा वीरो वाहन जब्त

बलरामपुर। वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पलगी (त्रिकुण्डा) के जंगल से अवैध रूप से साल की लकड़ी का परिवहन करते एक महिंद्रा वीरो वाहन को जब्त किया है। वाहन से साल प्रजाति के 5 लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 2.299 घन मीटर और अनुमानित कीमत 1,71,448 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई 20 सितंबर 2026 को वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन, उपवनमंडलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन तथा वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में की गई।

खीरा लोड करने के बहाने जंगल में बुलाया वाहन

वन विभाग के अनुसार, आरोपी ने वाहन चालक को यह कहकर जंगल में बुलाया था कि वाहन में खीरा लोड करना है। इसके बाद वाहन को सर्किल बगरा के बीट पलगी स्थित कक्ष क्रमांक 794 के घने जंगल में ले जाया गया। वहां खीरे की जगह अवैध रूप से काटी गई साल की इमारती लकड़ी वाहन में लोड की जा रही थी।

इसी दौरान एक मुखबिर ने वाहन में अवैध लकड़ी लोड किए जाने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वनपरिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

आरोपी मौके से फरार, वाहन जब्त

वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि टीम ने जंगल के भीतर ही अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे महिंद्रा वीरो वाहन क्रमांक UP64 CT/3581 को जब्त कर लिया। वाहन में लोड साल प्रजाति के 5 नग लट्ठे भी विधिवत जब्त किए गए।

मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20954/16, दिनांक 20 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। वन विभाग के मुताबिक जब्त लकड़ी की कीमत 1 लाख 71 हजार 448 रुपये है।

विभिन्न वन कानूनों के तहत कार्रवाई

वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क), छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के नियम 22(1) के तहत कार्रवाई की है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में जंगलों की सुरक्षा और अवैध कटाई एवं लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और सख्त की गई है। अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

जप्ती और कार्रवाई के दौरान उपवनक्षेत्रपाल मतिन अहमद अंसारी, वनपाल दयाशंकर सिंह, वनपाल विजय वर्मन, वनरक्षक कृष्ण कुमार पैकरा, वनरक्षक नरेश कुमार, वनरक्षक राजनाथ सिंह, वनरक्षक अनेश्वर राजवाडे एवं अनुराग तिवारी मौके पर मौजूद रहे और नियमानुसार कार्रवाई की।

Back to top button