
अंबिकापुर, 09 जून 2026। सरगुजा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से कला केंद्र मैदान, अंबिकापुर में आयोजित मेले के दौरान विशेष साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला साइबर सेल, सरगुजा पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और प्रत्यक्ष जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

नुक्कड़ नाटक के जरिए ऑनलाइन ठगी, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, निवेश के नाम पर ठगी, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने लोगों को संदेश दिया कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल टीम, साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितानों ने मेले में उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह भी दी गई। पुलिस मितान टीम ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है, इसलिए भविष्य में भी विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में साइबर सेल से अमन पूरी, महिला थाना स्टाफ तथा पुलिस मितान टीम की विभाश्री सिंह, खुशी कन्नौजिया, आर्यन पाण्डेय, विकेश राजवाड़े, लक्ष्मी पैकरा, रश्मि शर्मा, अनुशा राजवाड़े, मानसी राजवाड़े सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सरगुजा पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स टीम ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



