Uncategorized

खाटू श्याम मंदिर में स्वामी परमार्थ देव जी ने किया दर्शन, भव्य मुख्य द्वार निर्माण हेतु हुआ शिलारोपण पूजन


मनेन्द्रगढ़। योगधारा योग फेस्ट 2026 के अंतर्गत हरिद्वार से पधारे प्रसिद्ध योगाचार्य पूज्य स्वामी परमार्थ देव जी ने मनेन्द्रगढ़ स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम सहित मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी-देवताओं का दर्शन एवं पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।


दर्शन-पूजन के उपरांत मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य मुख्य द्वार एवं डोर-शेड निर्माण कार्य के लिए विधि-विधान से शिलारोपण पूजन संपन्न कराया गया। पूज्य स्वामी परमार्थ देव जी के करकमलों से संपन्न इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मंदिर के विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
मंदिर समिति ने बताया कि प्रस्तावित मुख्य द्वार एवं डोर-शेड निर्माण से मंदिर की भव्यता और आकर्षण में वृद्धि होगी तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। समिति के सदस्यों ने इसे मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने धार्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना कर मंदिर के उज्ज्वल भविष्य एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Related Articles

Back to top button