दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में नव-निर्वाचित छात्र परिषद का अलंकरण समारोह सम्पन्न, विद्यार्थियों ने ली नेतृत्व व अनुशासन की शपथ…

मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले के दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सम्मान में अलंकरण (इन्वेस्टिचर) समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और उत्साह के वातावरण से सराबोर रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के निदेशक व्यंकटेश सिंह, निदेशिका पूनम सिंह, प्राचार्य अश्वनी वर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में प्रार्थना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद बहुउद्देशीय सभागार में शिक्षक रत्नेश ओझा एवं दीपक यादव ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने समारोह को भावपूर्ण बना दिया।

मुख्य कार्यक्रम के दौरान नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को निदेशक व्यंकटेश सिंह, निदेशिका पूनम सिंह एवं प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने बैज और सैश पहनाकर पदभार ग्रहण कराया तथा नेतृत्व, अनुशासन, सेवा, निष्ठा और उत्तरदायित्व की शपथ दिलाई।
विद्यालय के हेड बॉय के रूप में माहिम यादव, हेड गर्ल सौम्या अग्रवाल, वाइस हेड बॉय जसराज सिंह रैना तथा वाइस हेड गर्ल अनुष्का सिंह को दायित्व सौंपा गया। स्पोर्ट्स कमेटी के कप्तान गौरव केवट, उपकप्तान शफ़ाक़ सिराज, कल्चरल कमेटी की कप्तान इशाना शरीफ़ एवं उपकप्तान आयुषी गुप्ता ने भी पदभार ग्रहण किया। चारों सदनों में भी नए नेतृत्व की घोषणा की गई। कलाम हाउस (रेड) के कप्तान आयान हुसैन एवं उपकप्तान आयुषी सिंह, टैगोर हाउस (ब्लू) के कप्तान ईशवीर सिंह रैना एवं उपकप्तान जिया कुरैशी, आर्यभट्ट हाउस (ग्रीन) के कप्तान आर्यव अग्रवाल एवं उपकप्तान अदिति शुक्ला, तथा एडिसन हाउस (येलो) के कप्तान आगम जैन एवं उपकप्तान श्रेयांशी जायसवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई।
डिसिप्लिन कमेटी की कमान भूपेन्द्र कुमार (कप्तान) एवं यशराज शुक्ला (उपकप्तान) को दी गई। वहीं श्रुति वर्मा को मीडिया हेड तथा अदिति शुक्ला, अन्विषा खरे, हरगुन खरे और अलीशा नाज़ को मीडिया टीम का सदस्य बनाया गया। जूनियर वर्ग में आयांश सिंह को जूनियर हेड बॉय एवं इशिका तिवाड़े को जूनियर हेड गर्ल नियुक्त किया गया। शपथ ग्रहण के बाद सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निदेशक व्यंकटेश सिंह ने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो सेवा, संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व और अनुशासन के माध्यम से दूसरों का मार्गदर्शन करे। प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व का परिचायक है और नव-निर्वाचित छात्र परिषद अपने कार्यों से विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएगी।
निदेशिका पूनम सिंह ने कहा कि अलंकरण समारोह केवल पद ग्रहण करने का अवसर नहीं, बल्कि चरित्र, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व की नई यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र परिषद सेवा, सहयोग, अनुशासन और उत्कृष्टता के मूल्यों के साथ विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। समारोह के अंत में कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति दी। हेड बॉय माहिम यादव एवं हेड गर्ल सौम्या अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।



