मनेंद्रगढ़ के नवनिर्वाचित नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव ने सीएम विष्णुदेव साय से की मुलाकात, शहर विकास पर की चर्चा, मुख्यमंत्री को मनेंद्रगढ़ आने दिया न्योता…

मनेन्द्रगढ़। नगरपालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में साय से शहर के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को मनेन्द्रगढ़ आने का निमंत्रण भी दिया। नपाध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व उनकी पत्नी कौशल्या साय से मनेन्द्रगढ़ आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि, प्रदेश के साथ ही शहर सरकार में भी विष्णु का सुशासन अब आ गया है, ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से अब शहर का चहुमुखी विकास होगा। मुलाकात के दौरान नपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री साय को उनके जन्मदिवस पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मनेंद्रगढ़ के भाजपा नेता और पूर्व पार्षद सरजू यादव भी उपस्थित रहे। नपाध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने कहा कि वे मनेन्द्रगढ़ के विकास को लेकर दृढसंकल्पित है। मनेन्द्रगढ़ को विकास के सोपान तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। शहर की जनता ने जिस उम्मीद के साथ मुझे शहर की बागडोर सौंपी है उस उम्मीद को पूरा करने मै भरसक प्रयास करूंगी।



