प्रबल स्त्री फाउंडेशन की अनोखी पहल: “एक पेड़ भाई-बहन के नाम” अभियान की हुई शुरुआत,दिव्यांग छात्रों को बांधा रक्षा सूत्र…

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित दिव्यांग विद्यालय परिसर में प्रबल स्त्री फाउंडेशन द्वारा आयोजित “एक पेड़ भाई-बहन के नाम” में वृक्षारोपण कर पेड़ों को राखी बांधा . इसके बाद दिव्यांग विद्यालय में रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी आरती कर मिष्ठान खिलाया गया । इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने भजन गीत गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की , बच्चों ने एक से बढ़कर एक गीत सुनाए जिसे सुनकर उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की । इस दौरान संस्था की अध्यक्ष डॉक्टर रश्मि सोनकर ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर यह छात्र अपने घर नहीं जा पा रहे हैं . बच्चे हमारे नगर में रहते इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम इनके हर सुख-दुख में शामिल हों और जो भी इनके लिए कर सकें वह करें हमारी संस्था ने यह तय किया कि इन बच्चों की कलाई सूनी नहीं रहने देंगे और इनको वह सब खुशी देंगे जो एक बहन अपने भाई को रक्षा सूत्र बांधकर देती है ।

भाई-बहन के प्यार जैसा पेड़-पौधों से हो रिश्ता
कार्यक्रम के दौरान प्रबल स्त्री फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि जिस प्रकार से धरती से पेड़-पौधे नष्ट हो रहे हैं उसे देखते हुए हमें एक अभियान के तरह पौधे लगाने की आवश्यकता है . पेड़ धरती के लिए बहुत ही आवश्यक हैं क्योंकि यही पेड़ हमें गर्मी, बारिश से बचाते हैं तो मीठे फल, लकड़ी भी देते हैं और यही पेड़ बरसात में बादलों को आकर्षित करते हैं तो दूसरी ओर बारिश से मिट्टी के कटाव को रोकते हैं। धरती पर हमारे भाईयों, रिश्तेदारों के अलावा कोई हमारा शुभकर्ता है तो वह वृक्ष ही हैं इसलिए हमने एक पेड़ “भाई-बहन” के नाम से कार्यक्रम शुरू किया है क्योंकि पेड़ भाई की तरह प्रकृति की गर्मी, बारिश से हमारी रक्षा करते हैं हमारे सुख-दुख में शामिल होते हैं।



