नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव की अनोखी पहल, अस्तित्व खो चुके कुओं के बहुरंगे दिन,पेयजल और निस्तार की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से न.पा.प. का अभियान जारी…

मनेन्द्रगढ़ । मनेन्द्रगढ़ शहर में पेयजल और निस्तार की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव के द्वारा चलाई जा रही अनोखी पहल अब रंग लाने लगी है। नपाध्यक्ष के निर्देश पर नगरपालिका प्रशासन द्वारा नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पुराने और मृतप्राय हो चुके कुंओ की साफ-सफाई कर उन्हें उपयोगी बनाने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। अब तक नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्र. 02, 05, 11, 16, 15 के साथ विभिन्न वार्डों में लगभग 15 सार्वजनिक कुआं की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत के बाद इन्हें पेयजल एवं निस्तार के लिए उपयोगी बनाया जा रहा है. जो कि निरंतर चलता रहेगा ।

इस दौरान नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव ने बताया कि आगामी ग्रीष्म ऋतु में लोगों को पेयजल और निस्तार के लिए जल की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन कुओं की साफ-सफाई कराया जा रहा है। ताकि लोग इसका उपयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि कई कुओं का पानी बहुत अच्छा है पहले लोग इसका पानी पीने के लिए उपयोग करते थे। मगर नियमित साफ-सफाई न होने तथा कुओं में कुड़ा-करकट, पालीथीन, पेड़ो के पत्ते लगातार गिरने की वजह से ये कुंए मृतप्राय हो गए थे। उन्होंने बताया कि कुओं में पड़ी गंदगी पानी में घुलकर भू-जल स्त्रोत में मिलती है। इससे जल स्त्रोत का पानी दूषित हो जाता है। और जब ऐसे जल स्त्रोत के पानी को लोग उपयोग पीने के लिए करते है तो कई गंभीर संक्रामक बीमारियां जैसे पीलियां, हैजा होने का खतरा बन जाता है । इससे बचाव के लिए जरूरी है कि जल स्त्रोतों को साफ-सुथरा रखा जाए और उन्हें गंदगी से बचाया जाए। इस अभियान में सभी वार्ड के पार्षदों ,स्थानीय निवासियों के साथ नगरपालिका के अधिकारियों कर्मचारियों का पूरा समर्थन मिल रहा है ।




