Balrampur news, Ramanujganj news, Chhattisgarh CMO, chhattisgarh news, balrampur news

गड्ढों में तब्दील प्रतापपुर-सेमरसोत PWD सड़क देख भड़के कृषि मंत्री, कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश

गड्ढों में तब्दील प्रतापपुर-सेमरसोत PWD सड़क देखकर भड़के कृषि मंत्री, कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश

बलरामपुर। प्रतापपुर से सेमरसोत होते हुए एनएच-343 को जोड़ने वाली मुख्य PWD सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नाराजगी जताई है। शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मंत्री को जर्जर सड़क के कारण करीब दो घंटे की देरी हुई। रास्ते में सड़क की हालत देखने के बाद उन्होंने मौके से ही कलेक्टर से चर्चा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

लगातार बारिश के चलते सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है। पानी के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

कुछ महीने पहले हुआ था पेंच रिपेयर

बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने के कुछ महीने पहले ही PWD विभाग ने इस सड़क पर पेंच रिपेयर का काम कराया था। इसके बावजूद कुछ ही समय बाद सड़क दोबारा उखड़ने लगी और जगह-जगह गड्ढे बन गए। इससे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर गंभीरता से ध्यान दिया गया होता तो सड़क की यह स्थिति नहीं बनती। बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से समस्या और बढ़ गई है।

रात में सफर करना खतरनाक

सड़क की खराब हालत के कारण रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन के समय वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है।

NH-343 निर्माण के चलते बढ़ी परेशानी

वर्तमान में बलरामपुर-अंबिकापुर NH-343 के निर्माण कार्य के चलते प्रतापपुर-सेमरसोत PWD मार्ग का महत्व और बढ़ गया है। मुख्यालय से अंबिकापुर की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ता बना हुआ है। ऐसे में सड़क की जर्जर हालत लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है।

मंत्री की नाराजगी के बाद कार्रवाई की उम्मीद

जर्जर सड़क से गुजरते समय कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मौके की स्थिति देखी और नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तत्काल कलेक्टर को जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

मंत्री के निर्देश के बाद अब लोगों की नजर PWD विभाग की कार्रवाई पर है। देखना होगा कि सड़क की मरम्मत कब शुरू होती है और पहले कराए गए पेंच रिपेयर कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाती है या नहीं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मंत्री के सख्त रुख के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग को जल्द राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button