मनेन्द्रगढ़

मनेन्द्रगढ़ में चोरी की घटनाओं के बाद देर रात पुलिस ने किया गश्त, महिलाओं को दिया सुरक्षा का भरोसा, एडिशनल एसपी और कोतवाली प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे…

मनेन्द्रगढ़। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बढ़ते आक्रोश और रेलवे कॉलोनी में महिलाओं द्वारा पिछले तीन दिनों से लाठी-डंडे लेकर की जा रही पहरेदारी के बाद पुलिस सक्रिय नजर आई। चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विवेक पाटले और एडिशनल एसपी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने देर रात दल-बल के साथ क्षेत्र का दौरा किया।


पुलिस अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और चोरी की घटनाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। इस दौरान पहरेदारी कर रही महिलाओं से भी बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया गया कि वे बेखौफ होकर अपने घरों में रहें और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस की है। थाना प्रभारी विवेक पाटले और एडिशनल एसपी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते शहरवासियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही थी। वहीं, एसपी रत्ना सिंह के निर्देश पर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। देर रात पुलिस अधिकारियों के दौरे और बढ़ी हुई पेट्रोलिंग से लोगों को सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।

Related Articles

Back to top button