रामानुजगंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 7 नग साल की लकड़ी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
अवैध लकड़ी परिवहन का भंडाफोड़: पिकअप में लदे साल के 7 नग लट्ठे जब्त, दो गिरफ्तार

रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन पकड़ा, पिकअप से 7 नग साल की लकड़ी जब्त
विजयनगर सर्किल के परहियाडीह बीट में वन विभाग की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत विजयनगर सर्किल के परहियाडीह बीट में वन विभाग ने अवैध रूप से इमारती लकड़ी का परिवहन करते एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। जांच के दौरान वाहन से साल के 7 नग लट्ठे बरामद हुए। मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में वन अमले ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पिकअप से 0.628 घन मीटर साल की लकड़ी बरामद
वन विभाग की टीम ने महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक JH01 BS/8450 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में साल के 5 लट्ठे और 2 चौधार, कुल 7 नग लकड़ी बरामद हुई। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.628 घन मीटर बताई गई है। वन विभाग ने लकड़ी से लदे पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में शौकत अंसारी (46) और अमजद खान (34) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी चंदरपुर, थाना बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के निवासी बताए गए हैं।
वन विभाग के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) एवं 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वन अमले ने मौके पर की जब्ती
कार्रवाई के दौरान वनपाल दयाशंकर सिंह, वनरक्षक मंगलचन्द्र राम, रूपेन्द्र यादव और अनुराग तिवारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने लकड़ी और वाहन को नियमानुसार जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



