बलरामपुर

जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का किया गया आयोजन महिलाओं को दी गई उनके अधिकारों और सशक्तिकरण की जानकारी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का आयोजन पुराना कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम भवन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राधा देवी सिंह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया गया।


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राधा देवी सिंह ने उपस्थित महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में बहुत ही अच्छे तरीके से अपना दायित्व निभा रही हैं, घर से लेकर बाहर तक की दुनियादारी में भी उन्होंने अहम मुकाम हासिल कर लिया है। महिलाओं की वजह से ही समाज में नया बदलाव आया है। महिलाओं ने आधुनिक युग में साबित कर दिया है कि नारी शक्ति किसी से कम नहीं है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपने अधिकार की लड़ाई के लिए हमेशा आगे आने की बात कही। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं महिला बाल कल्याण समिति की सभापति गीता सोन्हा ने कहा कि समाज, समुदाय तथा परिवार के विकास में महिलाओं की बड़ी भूमिका होती है। महिलाओं के सशक्त होने से समाज अपने आप सशक्त हो जायेगा। उन्होंने महिलाओं को पुरूषों के साथ से कंधा से कंधा मिलाकर कार्य करने की बात कही।


जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीता यादव ने भी उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बिहान की महिलाएं जिले में अच्छा कार्य कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से हजारों में नहीं बल्कि लाखों में कमाने की बात कही। यादव ने समूह की महिलाओं को आपस में सामंजस्य स्थापित कर कार्य करने को कहा। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से अपने निर्वाचित क्षेत्र में स्वयं के द्वारा कार्य सम्पादित करने पर जोर दिया। साथ ही महिलाओं को अपने अधिकार की जानकारी रखते हुए अपने हक की लड़़ाई स्वयं लड़़ने की बात कही। उन्होंने महिलाओं से कहा कि लक्ष्य लेकर कार्य करने से सफलता अवश्य मिलेगी।


कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी जे.आर.प्रधान ने महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा विषयों पर महिलाओं के कानूनी अधिकार, महिलाओं से संबंधित योजनाओं, मातृत्व वंदना योजना, नोनी सुरक्षा योजना सुकन्या समृद्धि योजना, आर्थिक सशक्तिकरण, छत्तीसगढ़ महिला कोष, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान सहित अन्य आर्थिक गतिविधियों की जानकारी दी गई।

इसी प्रकार कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक आरती कुजूर के द्वारा सही पोषण-देश रौशन, संरक्षण अधिकारी नवाबिहान सुमित्रा सिंह द्वारा महिलाओं के अधिकार एवं विधिक प्रावधान, केन्द्र प्रशासक मंजू जायसवाल द्वारा सखी सेन्टर में प्रदत्त सेवा व सुविधा, यूनिसेफ की जिला समन्वयक लेखिका साहू द्वारा बाल विवाह के नुकसान एवं कविता चन्द्रा जिला समन्वयक द्वारा महिला सशक्तिकरण पर विस्तृत जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अच्छे कार्य करने वाले समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ महिला कोष ऋण योजनांतर्गत शासन से ऋण लिये जिले के 11 समूहों को ऋण माफी प्रमाण पत्र का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बलरामपुर के उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित, नगर पालिका बलरामपुर के उपाध्यक्ष नवीन गुप्ता, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं समूह की महिलाएं उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button