चिरमिरी

विकसित भारत युवा संसद में गूंजा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का मुद्दा, युवाओं ने रखे विचार, 200 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों पर हुआ मंथन…

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

एमसीबी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में 4 नवंबर को शासकीय लाहिड़ी महाविद्यालय चिरमिरी में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक युवाओं ने भागीदारी निभाई। युवा प्रतिभागियों ने एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने की अवधारणा पर अपने विचार रखते हुए इसके विभिन्न पहलुओं पर तर्कपूर्ण चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय उपस्थित रहे। वहीं मेरा युवा भारत के सहायक निदेशक चहल कैलाशिया, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आरती तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा, मनीष खटीक, वीरेंद्र कुमार, प्रेमा कुजूर, अजय कुमार सोनी, राहुल सिंह एवं डॉ. रजनी सेठिया सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

युवा संसद में प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा पर चर्चा करते हुए चुनावी खर्च में कमी, प्रशासनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग, नीतिगत निरंतरता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसके संभावित प्रभावों को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। युवाओं ने इस विषय के संवैधानिक और प्रशासनिक पहलुओं पर भी अपनी बात रखी। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए युवाओं में संवैधानिक मूल्यों की समझ, तार्किक चिंतन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होना जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार रखने और संसदीय परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के कार्यालय सहायक राजीव साहू तथा वॉलंटियर्स प्रगति, सुकन्या, पूजा और शिवानी सहित 200 से अधिक युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा।

Related Articles

Back to top button