छत्तीसगढ़प्रदर्शनबलरामपुररामानुजगंजरायपुर

बलरामपुर: राशन वितरण नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS


बलरामपुर के ग्राम पंचायत चंपापुर के ग्रामीणों ने पिछले तीन-चार महीनों से नियमित रूप से राशन कार्ड धारकों को राशन वितरण नहीं होने की समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शासकीय राशन दुकान से उन्हें चावल नहीं मिल रहा है, जिससे वे काफी परेशान हैं और भूखे रहने की नौबत आ चुकी है।



      **ग्रामीणों की शिकायतें और उनकी परेशानी**

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन-चार महीनों से राशन वितरण में अनियमितता बनी हुई है। उप सरपंच पति सत्यनारायण यादव ने कहा, “हमारे गांव में राशन वितरण में पिछले पांच-छह महीनों से गड़बड़ी चल रही है। पब्लिक को सरकारी राशन का चावल नहीं मिल रहा है। राशन दुकान का संचालक ग्रामीणों से अंगूठा लगवाकर अपना वितरण दिखा देता है, लेकिन चावल नहीं देता है। किसी ग्रामीण के पास खाने के लिए चावल नहीं रहता है तो राशन दुकान संचालक को फोन करने पर वह फोन नहीं उठाता है। कुछ महीने से चना और शक्कर भी नहीं दिया गया है। इस महीने का चावल अब तक वितरण नहीं हुआ है। हम कलेक्टर को ज्ञापन देने आए हैं।”


             **महिलाओं की शिकायतें**

चंपापुर गांव से आई महिला शांति हड्डे ने बताया, “हम तीन महीने से सरकारी राशन का चावल नहीं मिलने की समस्या को लेकर यहां आए हैं। राशन संचालक से पूछने पर वह कहता है कि राशन नहीं आया है और आधा-अधूरा चावल देता है। जून महीने का चावल भी मुझे नहीं मिला था, अब वह कहता है कि सिर्फ अगस्त का मिलेगा। इसलिए हम लोग कलेक्टर साहब से शिकायत करने पहुंचे हैं।”


             **प्रशासन का आश्वासन**

इस मामले में बलरामपुर एसडीएम अमित श्रीवास्तव ने कहा, “ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे थे और उन्होंने राशन नहीं मिलने की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा है। हम मामले की जांच कराएंगे और अगर अनियमितता पाई जाती है तो राशन दुकान संचालक पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।”

ग्रामीणों की शिकायतें और उनकी परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस मामले में कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को उनके हक का राशन कब तक मिलता है।

Related Articles

Back to top button