मनेन्द्रगढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर अनूठी पहल: हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज ने मिलकर किया ध्वजारोहण

मनेन्द्रगढ़ में आम नागरिक मंच ने स्वतंत्रता दिवस पर सांप्रदायिक एकता की मिसाल पेश की। भगत सिंह चौक पर चारों धर्मों के प्रतिनिधियों ने एक साथ तिरंगा फहराया। हिंदू समाज से विनीत जायसवाल, मुस्लिम समाज से शराफत अली, सिख समाज से काले सरदार और ईसाई समाज से अभय बड़ा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

आम नागरिक मंच के सदस्य अजय जायसवाल ने बताया कि यह परंपरा हर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर निभाई जाती है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारे का संदेश फैलाना है।

कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉक्टर पूर्णिमा सिंह, स्वास्थ्य विभाग के आर.डी. दीवान और अरुण ताम्रकार को सम्मानित किया गया। मंच ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए एक जरूरतमंद महिला को आजीविका के लिए सिलाई मशीन भी प्रदान की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव, पार्षद अजय जायसवाल, पप्पु हुसैन, मुकेश अग्रवाल के साथ अन्य गणमान्य नागरिक, जनप्रतिधि मौजूद रहे ।



