छत्तीसगढ़मनेन्द्रगढ़

मनेन्द्रगढ़ शासकीय अस्पताल का कायाकल्प 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल बनने के बाद सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी


एमसीबी/ जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित शासकीय अस्पताल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से उन्नयन कर इसे 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल बनाए जाने के बाद लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम, विभागीय सेवाएं, बेड क्षमता और आपातकालीन व्यवस्थाओं में सुधार से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
15 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, 10 से अधिक MBBS डॉक्टर

डॉ. स्वप्निल तिवारी,अस्पताल अधीक्षक

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध है। इसमें 3 मेडिकल स्पेशलिस्ट, 2 सर्जन, 2 नेत्र रोग विशेषज्ञ, 2 निश्चेतना (एनेस्थीसिया) विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। इसके अलावा 10 से अधिक एमबीबीएस डॉक्टर भी अस्पताल में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर अस्पताल में लगातार सभी सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। साथ ही अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन (इमरजेंसी) व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्नयन के लिए अन्य विभागों की बिल्डिंगों का सहयोग

डॉ. तिवारी ने बताया कि 220 बिस्तरीय अस्पताल के पूर्ण संचालन के लिए लगातार विस्तार कार्य किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न विभागों से भवन/कार्यालय उपलब्ध कराए गए हैं। राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनपद कार्यालय से सहयोग मिला है। इन भवनों में भी बेड लगाने और मरीजों के उपचार की व्यवस्था तैयार की जा रही है। शासन द्वारा इन स्थानों के आवश्यक उन्नयन एवं संचालन के लिए राशि भी प्रदान की जा रही है।

स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी से होती है परेशानी, जल्द मिलेगी राहत

गर्भवती महिलाओं को होने वाली परेशानियों को लेकर अधीक्षक डॉ. तिवारी ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में एक मात्र स्त्री रोग विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। ऐसे में उनके छुट्टी पर जाने की स्थिति में कुछ परेशानियां सामने आती हैं। हालांकि, जिले के सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के प्रयास और जिला अस्पताल के साथ आपसी समन्वय बनाकर मरीजों को हर संभव सुविधा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एक और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जल्द ही ज्वाइनिंग करने वाली हैं, जिसके बाद सिविल अस्पताल में यह समस्या भी पूरी तरह दूर हो जाएगी।
इसके अलावा कई बार आपात स्थिति में जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर को बुलाकर भी स्थानीय मरीजों को सुविधा दी जाती है, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार मिल सके।

दो महीने में पूरी तरह संचालित होगा 220 बिस्तरीय अस्पताल

अधीक्षक ने बताया कि आगामी लगभग दो महीने में 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल पूर्ण रूप से संचालित होने लगेगा। इसके बाद मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी और उन्हें बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी।

Related Articles

Back to top button