बलरामपुर में अवैध रेत खनन , पांगन नदी से यूपी भेजी जा रही रेत

बलरामपुर में अवैध रेत खनन का आरोप, पांगन नदी से यूपी भेजी जा रही रेत
बलरामपुर। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। सनवाल थाना क्षेत्र के पचवाल गांव स्थित पांगन नदी में खुलेआम अवैध रेत उत्खनन किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक नदी में पोकलेन मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है और ट्रकों के जरिए उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन का यह कारोबार लंबे समय से चल रहा है, लेकिन प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचे।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे रेत उत्खनन से पांगन नदी के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। भारी मशीनों के इस्तेमाल से नदी की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो रही है, जिससे पर्यावरणीय नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है। इसको लेकर गांव के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
वहीं अवैध रेत परिवहन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक खनिज विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




