छत्तीसगढ़बलरामपुररामचंद्रपुररामानुजगंजरायपुरवाड्राफनगरशंकरगढ़

महिलाओं के सहयोग से ही बनेगा स्वच्छ और सुंदर नगर: कलेक्टर  त्रिपाठी

महिलाओं के सहयोग से ही बनेगा स्वच्छ और सुंदर नगर: कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी


बलरामपुर। कलेक्टर त्रिपाठी ने स्वच्छता अभियान में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए नागरिकों से नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम प्रतिदिन सुबह उठकर अपने घर की सफाई करते हैं, उसी तरह पूरा नगर भी हमारा अपना घर है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने कहा कि नगर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट का सही निपटान अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
उन्होंने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि कचरे को हमेशा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और उसे खुले में न फेंकें। स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
इस दौरान कलेक्टर ने शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए पात्र हितग्राहियों से जल्द से जल्द अपने आवास निर्माण कार्य पूर्ण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्राप्त हो चुका है, वे उपलब्ध राशि का सदुपयोग करते हुए समयबद्ध तरीके से अपने सपनों का घर तैयार करें।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि बलरामपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्र के हितग्राहियों को अधिक राशि प्राप्त हुई है, जो जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब हितग्राही समय पर निर्माण कार्य पूरा कर अपने आवास का उपयोग शुरू करेंगे।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता और विकास कार्यों में सहभागिता निभाकर जिले को आदर्श बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button