सुशासन तिहार में रामानुजगंज को मिली विकास की बड़ी सौगात, मंत्री रामविचार नेताम ने 14.91 करोड़ के 114 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

रामानुजगंज को मिली 14.91 करोड़ की सौगात, मंत्री रामविचार नेताम ने 114 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
रामानुजगंज। सुशासन तिहार, समाधान शिविर और विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत सोमवार को रामानुजगंज नगर पालिका क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने नगर पालिका परिषद रामानुजगंज अंतर्गत लगभग 14 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 114 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम का आयोजन काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की बड़ी उपस्थिति रही।

मंत्री रामविचार नेताम जिले में चल रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने समाधान शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो रहा है।

कार्यक्रम में मंत्री रामविचार नेताम के साथ उनकी धर्मपत्नी पुष्पा नेताम, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, सभी पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

113 हितग्राहियों को मिला प्रधानमंत्री आवास का कार्यादेश
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 113 पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए कार्यादेश वितरित किए गए। प्रत्येक हितग्राही को 2 लाख 82 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। कार्यादेश प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने सरकार और नगर पालिका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका पक्के घर का सपना पूरा होगा।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा सबसे बड़ी परियोजना
नगर पालिका परिषद द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों में सबसे महत्वपूर्ण परियोजना स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत 4 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्थापना है। यह संयंत्र कन्हर नदी में मिलने वाले गंदे पानी के उपचार के लिए बनाया जाएगा। इसके निर्माण से नदी प्रदूषण में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा 2 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
वार्डों में होंगे सड़क, नाली और अन्य विकास कार्य
नगर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए 1 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली निर्माण तथा 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
इसके अतिरिक्त विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, पेवर ब्लॉक निर्माण, अटल स्मृति तालाब, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति तालाब, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र, सामुदायिक भवन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, छठ घाट, मुक्तिधाम अहाता, सांस्कृतिक भवन तथा नगर सौंदर्यीकरण से जुड़े अनेक कार्य कराए जाएंगे।
समाधान शिविर में सुनी गईं लोगों की समस्याएं
सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। आवास, राजस्व, पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन और अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। मंत्री रामविचार नेताम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को गंभीरता से समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
*नगर विकास को मिलेगी नई गति*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों से रामानुजगंज नगर के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिन परियोजनाओं की मांग की जा रही थी, वे अब धरातल पर उतरने जा रही हैं। इससे नगर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार विकास और सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वीकृत सभी विकास कार्य समय पर पूर्ण होंगे और रामानुजगंज नगर आने वाले वर्षों में आधुनिक एवं सुविधायुक्त नगर के रूप में विकसित होगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विकास कार्यों के भूमिपूजन का स्वागत करते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

