देवगुड़ी निर्माण पर विवाद, ग्रामीणों के दो गुट आमने-सामने

देवगुड़ी निर्माण को लेकर ग्रामीणों में मतभेद, अनियमितता के आरोप और जवाबी दावे
रामचंद्रपुर (बलरामपुर)। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सनावद जोगीदाह में निर्माणाधीन देवगुड़ी को लेकर ग्रामीण दो गुटों में बंट गए हैं। एक पक्ष ने निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए निर्माण कार्य को ग्रामीणों की मंशा के अनुरूप बताया है।

ग्रामीणों के एक वर्ग का आरोप है कि देवगुड़ी निर्माण के दौरान छत की ढलाई करते समय छत झुक गई थी। साथ ही निर्माण में निर्धारित लंबाई और चौड़ाई को भी कम कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से शिकायत की, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।

वहीं दूसरे पक्ष के ग्रामीणों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग निर्माण कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले पक्ष द्वारा कमीशन की मांग की जा रही है और मांग पूरी नहीं होने पर निर्माण कार्य का विरोध किया जा रहा है।

दूसरे पक्ष के अनुसार देवगुड़ी गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं को झुककर प्रवेश करना होता है। इसी कारण निर्माण में ऊंचाई और लंबाई को स्थानीय परंपरा एवं ग्रामीणों की सहमति के अनुसार रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि छत के जिस हिस्से में तकनीकी समस्या दिखाई दी थी, उसे सुधार लिया गया है और निर्माण कार्य पूरी तरह से सही ढंग से कराया जा रहा है।
फिलहाल देवगुड़ी निर्माण को लेकर गांव में दो अलग-अलग मत सामने आने से विवाद की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें, ताकि विवाद का समाधान हो सके।


