छत्तीसगढ़जसपुरजांजगीर चांपादिल्लीप्रतापपुरबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभारतमनेन्द्रगढ़महासमुंदमहेंद्रगढ़राजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजरायगढ़रायपुररायपुरवीजापुरसरगुजासूरजपुर

भाजपा चुनाव चिन्ह के कथित दुरुपयोग का मामला, निर्दलीय जनप्रतिनिधि पर कार्रवाई की तैयारी


बलरामपुर। जिले में एक निर्दलीय जनप्रतिनिधि द्वारा कथित रूप से भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिन्ह और नाम के उपयोग का मामला सामने आया है। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। भाजपा संगठन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित जनप्रतिनिधि के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, संबंधित जनप्रतिनिधि, जो जनपद सदस्य हैं, अपने आधिकारिक लेटर पैड और अन्य दस्तावेजों में भाजपा के चुनाव चिन्ह का उपयोग कर रहे थे। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि वह न तो पार्टी के सदस्य हैं और न ही संगठन में किसी पद पर हैं, इसके बावजूद पार्टी के नाम और प्रतीक का उपयोग किया जाना गलत और भ्रामक है।


मंडल अध्यक्ष बलरामपुर विजय सिंह ने बताया कि इस मामले में जनवरी माह में संबंधित जनप्रतिनिधि को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब मामला दोबारा सामने आने के बाद जिला अध्यक्ष को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है और आगे संगठनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


भाजपा महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित ने कहा कि किसी भी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के नाम, प्रतीक चिन्ह या पहचान का अनधिकृत उपयोग चुनाव आयोग के नियमों और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पार्टी से जुड़ा बताकर जनता को भ्रमित करता है, तो यह गंभीर विषय है।
पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भाजपा अपने नाम और चुनाव चिन्ह के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कुछ प्रमाण पहले ही प्राप्त हो चुके हैं। संगठन ने जल्द ही आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं।


इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा संगठन इस मामले में अगला कदम क्या उठाता है।

Related Articles

Back to top button