छात्रावास की भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 17 मकानों से हटाया जाएगा अतिक्रमण

छात्रावास की भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 17 मकानों से हटाया जाएगा अतिक्रमण
बलरामपुर/रामचंद्रपुर। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। छात्रावास की भूमि पर बनाए गए अवैध मकानों को हटाने के लिए राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम सुबह से ही मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में अब तकखबर लिखे जाने तक करीब 9 मकानों को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया जा चुका है। प्रशासन ने कुल 17 मकानों को चिन्हित किया है, जिन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रामचंद्रपुर क्षेत्र में स्थित छात्रावास की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा कर मकान बना लिए गए थे। मामले की जांच और राजस्व अभिलेखों के परीक्षण के बाद प्रशासन ने कब्जाधारियों को पूर्व में नोटिस जारी किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम रामानुजगंज, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग, वन विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार छात्रावास की भूमि के अलावा आसपास के तीन गांवों में भी शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां कहीं भी अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों की निगाहें आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


