धान की राशि भुगतान और फर्जी केसीसी मामले को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

धान भुगतान और फर्जी केसीसी मामले को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन उग्र धरना शुरू
रामानुजगंज, 17 जून 2026। धान विक्रय वर्ष 2025-26 की बकाया राशि के भुगतान तथा किसानों पर दर्ज कथित फर्जी केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) मामलों को समाप्त करने की मांग को लेकर क्षेत्र के पीड़ित किसानों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन उग्र धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, किसानों ने 9 जून 2026 को मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज को सौंपा था। ज्ञापन में किसानों ने दो प्रमुख मांगें रखी थीं। पहली, धान विक्रय वर्ष 2025-26 की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए। दूसरी, किसानों के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी केसीसी मामलों को समाप्त किया जाए।

किसानों का आरोप है कि ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर समस्त पीड़ित किसानों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया।
इसी क्रम में आज 17 जून 2026, बुधवार को सुबह 10 बजे से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर शाखा रामानुजगंज के सामने किसानों ने अनिश्चितकालीन उग्र धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी दोनों मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वहीं, प्रशासन की ओर से किसानों की मांगों और आंदोलन को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसानों को उम्मीद है कि शासन उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करेगा।



