एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल के प्राचार्य पी. रवि शंकर को मिला ‘बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड’ माय एजु फेस्ट-2026 में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किया गया सम्मानित…

मनेन्द्रगढ़। एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, मनेन्द्रगढ़ के प्राचार्य पी. रवि शंकर को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान मॉय एफएम रेडियो नेटवर्क एवं एमिटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में राजमोहिनी देवी कृषि विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के सभागार में आयोजित ‘माय एजु फेस्ट-2026’ के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कोरिया एवं एमसीबी जिले से एकमात्र सम्मानित प्राचार्य के रूप में पी. रवि शंकर को यह उपलब्धि हासिल हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि राजमोहिनी देवी कृषि विश्वविद्यालय के डीन डॉ. संतोष सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि संकटमोचन इंफ्रास्टेट, बिलासपुर के डायरेक्टर अविनाश यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजकों ने प्राचार्य पी. रवि शंकर के प्रभावी नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालय में नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को सफलतापूर्वक लागू करने के प्रयासों की सराहना की। उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्राचार्य पी. रवि शंकर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय को शिक्षा, संस्कार एवं उत्कृष्ट परिणामों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। इससे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि ‘बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड’ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राचार्यों को उनके नेतृत्व एवं योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।



