कांग्रेस के विफलताओं के कारण कॉकरोच जनता पार्टी बनी, भाजपा के लिए न कांग्रेस चुनौती थी और न कॉकरोच पार्टी-श्यामबिहारी जायसवाल…
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण “कॉकरोच जनता पार्टी” का गठन हुआ। मंत्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल रही। इसी वजह से कॉकरोच जनता पार्टी विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए सामने आई और बाद में कांग्रेस के आंदोलनों में शामिल होती रही।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए न तो कांग्रेस कोई चुनौती थी और न ही कॉकरोच जनता पार्टी कोई चुनौती है। देश और प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर विश्वास करती है और आगामी समय में भी भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।
मंत्री जायसवाल ने दावा किया कि कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह लगातार राजनीतिक रूप से कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा विपक्ष के आरोपों से सरकार के कार्यों पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है।



