बलरामपुर

टीकाकरण महा अभियान में 1 लाख 7 हजार908 ने लगवाया कोविड-19 का टीका लक्ष्य पूरा करने पर ताली बजाकर कलेक्टर ने किया टीम का उत्साहवर्धन

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS


बलरामपुर जिले में टीकाकरण महाअभियान में अब तक 01 लाख 07 हजार 908 जिलेवासियों ने लगवाया कोविड का टीका, टीकाकरण जारी
लोगों को जागरूक करने प्रशासनिक अमला भी दिन भर डटा रहा मैदान में
लक्ष्य पूरा करने पर ताली बजाकर कलेक्टर ने किया टीम का उत्साहवर्धन
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न सेशन साइट का किया निरीक्षण, दिनभर लेते रहे व्यवस्थाओं का जायजा
गांव, घर, खेत-खलिहान, पारा-टोला, मोहल्ला पहुंचा टीकाकरण दल, किसी ने खेत-खलिहान में तो किसी ने आंगन में लगाया टीका


जिला पंचायत सीईओ ने दिन भर किया क्षेत्रों का दौरा, वैक्सीनेशन के लिए लोगों को करती रही जागरूक
बतौर नोडल विभागीय समन्वय स्थापित कर निभाई अपनी जिम्मेदारी
सुदूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र चुनचुना-पुन्दाग में 300 लोगों को लगा कोविड का टीका
टीकाकरण महाअभियान में लोगों ने दिखाई रूचि, उत्साह के साथ लगाया टीका
पुलिस प्रशासन ने भी वैक्सीनेशन महाअभियान में किया सहयोग, कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही लोगों को समझाइश देकर टीका लगवाने में की मदद
स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला बाल विकास, बिहान सहित समस्त विभागों ने टीकाकरण महाअभियान को बनाया सफल, लक्ष्य के अनुरूप 1 लाख से अधिक लोगों को लगा टीका
बलरामपुर 27 नवम्बर 2021/ कोविड संक्रमण से बचाव तथा सुरक्षा चक्र बनाने के संकल्प के साथ जिले में कोविड टीकाकरण महाअभियान के अंतर्गत अब तक 01 लाख 07 हजार 908 जिलेवासियों ने भरोसे का टीका लगवाया। जिले में 05 लाख 05 हजार 770 लोगों को कोविड का पहला डोज तथा 2 लाख 26 हजार 374 लोगों को दूसरा डोज लग चुका है। टीका जिले की बड़ी आबादी को कोविड का टीका न लगने के कारण प्रशासन ने विशेष महाअभियान के माध्यम से एक दिन में 1 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा था। 1लाख वैक्सीनेशन बड़ी चुनौती मानी जा रही थी, किन्तु जिले के हर एक नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी, प्रशासन व पुलिस की टीम के सहयोग से यह लक्ष्य बौना साबित हो गया और छत्तीसगढ़ के सुदूर उत्तर-पूर्वी इस जिले ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने 1 लाख से अधिक टीका लगाने का पूरा करने पर प्रत्येक जिलवासी के साथ-साथ वैक्सीनेशन कार्य में जुटे शीर्ष से लेकर मैदानी अमले के अधिकारी-कर्मचरियों की सराहना करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस जिले में क्षमता की कमी नहीं है, यदि हम साथ मिलकर चले तो हर एक चुनौती का सामना कर जीत हासिल करेंगे। कोविड के इस लड़ाई में जिलेवासियों की इच्छाशक्ति व प्रशासन के सहयोग के लिए उनका धन्यवाद देते हुए कलेक्टर ने कहा कि अब आगे और लड़ाई लड़नी हैं तथा जो लोग बचे हैं उन्हें भी टीका लगाकर अपना लक्ष्य पूरा करेंगे।
लोगों को जागरूक करने प्रशासनिक अमला भी दिन भर डटा रहा मैदान में


लक्ष्य पूरा करने पर ताली बजाकर कलेक्टर ने किया टीम का उत्साहवर्धन
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न सेशन साइट का किया निरीक्षण, दिनभर लेते रहे व्यवस्थाओं का जायजा
वैक्सीनेशन महाभियान में एक ओर जहां पूरा प्रशासनिक अमला जुटा रहा, वहीं कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर टीम का उत्साहवर्धन किया तथा लोगों से बात कर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। विकासखंड बलरामपुर के जाबर उपस्वास्थ्य केंद्र में दोपहर 2 बजे पहुंचे कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने पाया कि वहां 180 लोगों के लक्ष्य के विपरीत 153 लोगों को टीका लग चुका था और कई लोग कतार में खड़े थे। टीम के बेहतर कार्य के लिए कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि जिन सेशन साईट में लक्ष्य पूरा हो चुका है उन्हें ऐसे सेशन साइट में भेजा जाए जहां लोगों की लंबी कतार है। इसके पश्चात कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने पचावल, महराजगंज तथा शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में बने टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया।


गांव, घर, खेत-खलिहान, पारा-टोला, मोहल्ला पहुंचा टीकाकरण दल, किसी ने खेत-खलिहान में तो किसी ने आंगन में लगाया टीका
कलेक्टर श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान पाया कि लोग सुबह की तुलना में लोग दोपहर में कम संख्या में वैक्सीनेशन सेन्टर पहुंच रहे थे। उन्होंने वस्तुस्थिति से अवगत होने पर तत्काल डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिये। दोपहर 03.00 बजे के बाद वैक्सीनेशन टीम नगरीय निकायों से लेकर सुदूर अंचलों के गांव, पारा-टोला, मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों को टीका लगाया। सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख, पंचायतवार नोडल अधिकारी, राजस्व, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य तथा पंचायत स्तर के कर्मचारी दुर्गम, वनांचल, पहाड़ों तथा पाट क्षेत्रों के सुदूर गांवों में स्वयं जाकर लोगों को टीका लगवाने में जुटे रहे। टीकाकरण के लिए जुटे अधिकारियों ने बताया कि लोगों के मन से टीकाकरण का भय दूर करना भी बड़ी चुनौती रही, लेकिन सभी के सहयोग से टीकाकरण के भय व भ्रांतियों को भी दूर किया गया। सभी के सहयोग व प्रयास से ही विशेष टीकाकरण सत्र सफल हुआ है और लोगों ने उत्साह के साथ टीका लगाकर अपनी भागीदारी निभाई है।


जिला पंचायत सीईओ ने दिन भर किया क्षेत्रों का दौरा, वैक्सीनेशन के लिए लोगों को करती रही जागरूक
बतौर नोडल विभागीय समन्वय स्थापित कर निभाई अपनी जिम्मेदारी
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रीता यादव वैक्सीनेशन महाभियान के दौरान वाड्रफनगर क्षेत्र के दौरे पर रही। उन्होंने विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटरों का निरीक्षण करने के साथ ही लोगों को टीका लगाने के लिए प्रेरित किया। वैक्सीनेशन महाअभियान में जिला नोडल की जिम्मेदारी संभाल रही श्रीमती रीता यादव सभी अधिकारियों के साथ समन्वय कर उनकी समस्याओं को दूर करती रही तथा लगातार कंट्रोल रूम के सम्पर्क में रहकर वैक्सीनेशन के प्रगति की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत पंडरी पहुंची जहां महिलाओं के वैक्सीनेशन को लेकर भ्रांतियों को दूर कर उन्हें टीका लगवाया। वैक्सीन की आपूर्ति से लेकर, टीकाकरण दल के लिए समुचित व्यवस्था, उनके परिवहन व अन्य जरूरतों को पूरा करने में वे जुटी रही। वैक्सीनेशन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों के माध्यम से लगातार समन्वय स्थापित कर उन्होंने टीकाकरण ही जानकारी ली और आवश्यकतानुसार जरूरतों को पूरा करने का दायित्व निभाया।


सुदूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र चुनचुना-पुन्दाग में 300 लोगों को लगा कोविड का टीका
टीकाकरण महाअभियान में लोगों ने दिखाई रूचि, उत्साह के साथ लगाया टीका
वैक्सीनेशन महाअभियान में जिला प्रशासन ने सुदूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र चुनचुना-पुन्दाग को शामिल कर लोगों कोविड का टीका लगवाया। विकासखण्ड कुसमी के नक्सल प्रभावित चुनचुना-पुन्दाग में विशेष शिविर के माध्यम से टीकाकरण दल ने 300 लोगों को कोविड का टीका लगाया। चुनचुना पुन्दाग के लोगों में टीकाकरण अभियान को लेकर रूचि देखी गई तथा उत्साह के साथ उन्होंने टीका लगवाया।
पुलिस प्रशासन ने भी वैक्सीनेशन महाअभियान में किया सहयोग, कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही लोगों को समझाइश देकर टीका लगवाने में की मदद
वैक्सीनेशन महाअभियान में जिले का कोई भी प्रशासनिक अमला अछूता नहीं रहा, पुलिस प्रशासन का भी वैक्सीनेशन महाअभियान में विशेष सहयोग रहा। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार नायक ने सभी एसडीओपी व थाना प्रभारियों के माध्यम से वैक्सीनेशन सेंटर में उनकी ड्यूटी लगवाई और लोगों को टीका लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने व शांतिपूर्ण ढंग से टीकाकरण संपन्न कराने की पहल से अभियान को गति मिली और एक लाख से अधिक लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य प्राप्त हो सका।
स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला बाल विकास, बिहान सहित समस्त विभागों ने टीकाकरण महाअभियान को बनाया सफल, लक्ष्य के अनुरूप 1 लाख से अधिक लोगों को लगा टीका
वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का काम किया। वैक्सीन आपूर्ति व वैक्सीनेटर की व्यवस्था तथा टीकाकरण के निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग जुटा रहा। वहीं महिला बाल विकास विभाग व बिहान के अमले ने लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने का कार्य किया। साथ ही शिक्षा विभाग ने मोबेलाईजेशन के साथ-साथ डाटा एण्ट्री के कार्य में अपना सहयोग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button