
बलरामपुर में अवैध गिट्टी परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर एसडीएम की अगुवाई में गठित संयुक्त टीम ने बीती रात कार्रवाई करते हुए आठ हाईवे वाहनों को जब्त किया है।
बलरामपुर एसडीएम ने जानकारी दी कि रात 3:30 बजे के बाद टीम ने क्षेत्र में गश्त शुरू की। सुबह 7:00 बजे तक आठ गाड़ियां पकड़ी गईं, जिनसे अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान तीन गाड़ियों के चालकों ने मोबाइल पर डीपी (डिलीवरी पास) दिखाया, लेकिन वैधानिक रूप से मान्य दस्तावेज मौके पर नहीं थे। आवश्यक कानूनी दस्तावेजों में दर्ज नहीं थी, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि गिट्टी का परिवहन नियमों के विपरीत किया जा रहा था।

वाहनों को जब्त कर खनन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई माइनिंग अधिनियम के तहत की जाएगी।
गौर करने वाली बात यह है कि यह कार्रवाई जिस माइनिंग विभाग की जिम्मेदारी है, उसकी बजाय राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार इन मामलों में कार्रवाई कर रहे हैं। इससे खनन विभाग की भूमिका और सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और गिट्टी परिवहन की गतिविधियां चल रही थीं। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। फिलहाल संयुक्त टीम आगे की वैधानिक प्रक्रिया में जुटी हुई है।




