धूल के गुबार में बड़ा हादसा: रामानुजगंज में बस-ट्रक की टक्कर, दर्जनों यात्री घायल

रामानुजगंज में बड़ा सड़क हादसा, निर्माणाधीन एनएच-343 बना मौत का रास्ता,धूल के गुबार में बस-ट्रक की जोरदार टक्कर, दर्जनों यात्री घायल

रामानुजगंज में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में अंबिका यात्री बस और एक ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार कई दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना रामानुजगंज आईटीआई कॉलेज के पास उस समय हुई, जब अंबिकापुर से रामानुजगंज की ओर जा रही अंबिका बस निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर आगे खड़े ट्रक से जा टकराई।
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर आगे जा गिरे, वहीं कुछ को सिर, चेहरे और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।

धूल से पूरी तरह ढकी सड़क, 5 से 10 फीट तक सिमटी विजिबिलिटी
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, एनएच-343 पर सड़क निर्माण कार्य के चलते भारी मात्रा में धूल उड़ रही थी। हालात इतने खराब थे कि विजिबिलिटी महज 5 से 10 फीट तक सीमित हो गई थी। सामने क्या आ रहा है, यह ड्राइवर को दिखाई ही नहीं दे रहा था। इसी कारण बस चालक को समय पर यह पता नहीं चल सका कि आगे ट्रक खड़ा है।
यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
घायल यात्रियों का कहना है कि—
बस क्षमता से अधिक भरी हुई थी
बस तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी
सड़क पर न तो चेतावनी बोर्ड थे और न ही पानी का छिड़काव किया गया था
यात्रियों का यह भी कहना है कि धूल के कारण आंखें खुली रखना तक मुश्किल हो रहा था।
25 किलोमीटर तक नहीं दिख रहा रास्ता, प्रशासन बेखबर
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर गंभीर
लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि

एनएच-343 पर करीब 25 किलोमीटर तक लगातार धूल उड़ रही है, जिससे रोजाना हादसे का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद न तो नियमित पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही यातायात को लेकर कोई ठोस व्यवस्था की गई है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
बीएमओ डॉ. महेश गुप्ता ने बताया कि हादसे में कई दर्जन यात्री घायल हुए हैं। अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन 3 से 4 यात्रियों को फ्रैक्चर होने की आशंका है। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। निर्माण कार्य में लापरवाही और बस चालक की भूमिका दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
संबंधित खबर




