रामानुजगंज आईटीआई कॉलेज में बड़ी चोरी, प्रशिक्षण ट्रक के चारों टायर ले उड़े चोर

रामानुजगंज आईटीआई कॉलेज में बड़ी चोरी, प्रशिक्षण ट्रक के चारों टायर ले उड़े चोर, सीसीटीवी कैमरों से भी की छेड़छाड़
रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कॉलेज परिसर का है, जहां अज्ञात चोरों ने प्रशिक्षण कार्य के लिए खड़ी ट्रक को निशाना बनाते हुए उसके चारों टायर चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की, जिससे जांच प्रभावित हो सके।

जानकारी के अनुसार, शासकीय आईटीआई कॉलेज परिसर में प्रशिक्षण के लिए उपयोग में लाई जाने वाली ट्रक लंबे समय से खड़ी थी। देर रात अज्ञात चोर परिसर में दाखिल हुए और योजनाबद्ध तरीके से ट्रक के चारों टायर निकालकर अपने साथ ले गए। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी छेड़छाड़ की, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह कॉलेज का स्टाफ परिसर पहुंचा। ट्रक बिना टायर के खड़ी देख कर्मचारियों के होश उड़ गए। मामले की जानकारी तत्काल कॉलेज प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद रामानुजगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जांच की। चूंकि कैमरों से छेड़छाड़ की गई है, इसलिए पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
इस घटना के बाद शासकीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और शासकीय परिसरों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
