उद्घाटन से पहले ही उखड़ने लगी 20 करोड़ की सड़क, वाड्रफनगर बाईपास की गुणवत्ता पर उठे सवाल

उद्घाटन से पहले ही उखड़ने लगी 20 करोड़ की सड़क, वाड्रफनगर बाईपास की गुणवत्ता पर उठे सवाल
बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर बाईपास सड़क का उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही सड़क कई जगहों पर उखड़ने लगी है। करीब 19.30 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर पैचवर्क शुरू होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

करीब आठ साल बाद पूरी हुई इस परियोजना को वर्ष 2018 में स्वीकृति मिली थी। निर्धारित समय 18 महीने होने के बावजूद निर्माण कार्य वर्षों तक अधूरा रहा और मार्च 2026 में इसके पूरा होने का दावा किया गया। अप्रैल 2026 में विभाग ने सड़क का हैंडओवर भी कर दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी, जिसके चलते कई स्थानों पर मरम्मत करानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि नई सड़क उद्घाटन से पहले ही मरम्मत मांग रही है, तो निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।

मामले में कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों व निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने भी तकनीकी खामियों वाले हिस्सों में सुधार कराने और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।
अब सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क उद्घाटन से पहले ही मरम्मत की मोहताज क्यों हो गई? क्या निर्माण में गुणवत्ता से समझौता हुआ या निगरानी में लापरवाही बरती गई? इसका जवाब जनता जानना चाहती है।



