मनेन्द्रगढ़

राम मंदिर चंदा और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं पर कांग्रेस का हमला, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग…

मनेंद्रगढ़ । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और मंदिर में आने वाले चढ़ावे को लेकर भाजपा, आरएसएस और संघ परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस ने दावा किया कि भगवान राम करोड़ों भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं और देशभर के श्रद्धालुओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए अपनी श्रद्धा से दान दिया था, लेकिन अब उसी आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्षों तक राम मंदिर आंदोलन के नाम पर चंदा एकत्रित कर राजनीतिक लाभ लिया गया और अब मंदिर में आने वाले चढ़ावे व दान में भी कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। पार्टी का कहना है कि यह केवल आर्थिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं और विश्वास से जुड़ा विषय है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के गठन में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसलिए इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी भी केंद्र सरकार पर बनती है। पार्टी ने इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस ने प्रेस वार्ता के दौरान तीन प्रमुख सवाल भी उठाए। पहला, यदि ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ था तो कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा। दूसरा, यदि सब कुछ सही था तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए। तीसरा, यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है।
हालांकि, प्रेस वार्ता में लगाए गए ये सभी आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष की ओर से इस संबंध में प्रतिक्रिया सामने आना शेष है।

Related Articles

Back to top button