महंगाई पर कांग्रेस का हमला, केंद्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार कहा-भाजपा के कमजोर कूटनीति के कारण देश में बढ़ी महंगाई…

मनेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर तीखा प्रहार किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की आर्थिक नीतियों और कमजोर कूटनीति के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की वृद्धि की है, जबकि पिछले तीन महीनों में कुल 525 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 62 रुपये की बढ़ोतरी ने आम परिवारों के बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज घटाने के दावे भ्रामक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविकता में पेट्रोल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ रहा है। एविएशन फ्यूल महंगा होने से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है।
जिला महामंत्री रफीक मेमन ने बताया कि खाद्य तेल, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से रसोई का बजट बिगड़ गया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 900 से 1000 रुपये तक पहुंच चुके हैं, वहीं कमर्शियल सिलेंडर भी महंगे हो गए हैं।
जिला महामंत्री पूनम सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के बजाय पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जिससे आर्थिक असमानता बढ़ रही है। जिला प्रवक्ता भावेश जैन ने कहा कि बढ़ती महंगाई पर सरकार नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समय शुरू मनरेगा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गरीबों के लिए महत्वपूर्ण योजना थी।
एनएसयूआई अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से युवाओं का भविष्य संकट में है। अंत में कांग्रेस ने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण और आम जनता को राहत देने की मांग की।




