रामानुजगंज में कांग्रेस का हल्ला बोल, श्रीराम मंदिर चढ़ावा मामले पर किया प्रदर्शन

रामानुजगंज में कांग्रेस का जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन, श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितता के विरोध में उठाई आवाज
रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिला मुख्यालय में श्रीराम मंदिर अयोध्या में चढ़ावा चोरी एवं कथित वित्तीय अनियमितता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला स्तरीय एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरिहर यादव ने किया।
धरना-प्रदर्शन की शुरुआत लरंगसाय चौक स्थित अमृततुल्य चाय दुकान के समीप से हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लरंगसाय चौक, भारत माता चौक, बस स्टैंड होते हुए गांधी चौक तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा सभी दोषियों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी एवं वित्तीय अनियमितता के मामले में अब तक केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई की गई है, जबकि कथित बड़े आरोपी अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा सत्र में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा है, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रामानुजगंज बस स्टैंड में धरने पर बैठ गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की मौजूदगी में व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी रही।
धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मधु गुप्ता, मोहन सिंह, समीर सिंह देव, देवनारायण मरावी, मोनिश अब्दुल्ला, रामदेव जागते, अजय सोनी, अजय कुमार गुप्ता, अशोक जायसवाल, मोहम्मद बख्श, व्यास मुनि यादव, अशोक गोड़, सनोज दास, प्रतीक सिंह, प्रेम सागर सिंह, नरेश रवि, चंदेश्वर यादव, ज्ञानती गुप्ता, रूपवंती जायसवाल, सुधा जायसवाल, अजय यादव, कृष्ण सिंह, जयलाल यादव, रामजी बर्मन, अशोक वर्मन, अरुण अग्रवाल, सुनील कंहरे, छोटू बंगाली, संजीत चौबे, राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।