

गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस पर रामानुजगंज में गूंजे पर्यावरण संरक्षण और आस्था के स्वर
कन्हर नदी तट पर भव्य गंगा आरती, नगरवासियों को नदी स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश

रामानुजगंज (बलरामपुर)।
गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस के पावन संयोग पर रामानुजगंज नगर में एक प्रेरणादायक और भव्य आयोजन किया गया। नगर की जीवनदायिनी कन्हर नदी के उत्तरवाहिनी तट पर वाराणसी शैली की गंगा आरती का आयोजन नगरवासियों के धार्मिक विश्वास और पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक बन गया।

इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इसमें धार्मिक आस्था और पर्यावरणीय जागरूकता दोनों का समावेश था। वाराणसी से आए आचार्य और रामानुजगंज के प्रतिष्ठित ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ माँ कन्हर की आरती संपन्न कराई। बड़ी संख्या में महिलाओं और नगर के गणमान्य नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर नदी की पूजा की। घाट पर श्रद्धा, भक्ति और प्रकृति प्रेम का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

नगरपालिका अध्यक्ष ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गंगा आरती कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ। अग्रवाल ने गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा,

“माँ कन्हर हमारी सांस्कृतिक और जीवनदायिनी धरोहर हैं। हमें इन्हें स्वच्छ और संरक्षित रखने की जिम्मेदारी लेनी होगी। नदियाँ केवल धार्मिक आस्था की प्रतीक नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं।”

उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों का गंदा पानी सीधे नालियों या नदी में न बहाएँ। उन्होंने बताया कि नगरपालिका द्वारा शिवर ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना का टेंडर का कर रहे है प्रयास , जिससेआने वाले समय गंदा पानी नदी में नहीं बहेगा।

घर-घर में बनेंगे सोखता, बढ़ेगा भूजल स्तर
पर्यावरण दिवस के अवसर पर रमन अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण पहल की अपील करते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक घर में पानी का सोखता (सोखपिट) बनवाए । इससे न केवल वर्षा जल का संचयन होगा बल्कि भूमिगत जल स्तर भी बढ़ेगा, जिससे गर्मी में जल संकट से राहत मिलेगी।

मुख्य बिंदु –
गंगा दशहरा और पर्यावरण दिवस पर संयुक्त आयोजन
कन्हर नदी तट पर वाराणसी की तर्ज पर गंगा आरती
महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर की पूजा
नगरपालिका अध्यक्ष ने की स्वच्छता और जल संरक्षण की अपील
शिवर ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना से गंदा पानी नहीं जाएगा नदी में
हर घर में सोखता निर्माण को लेकर अपील
गंगा दशहरा पर आस्था, पर्यावरण दिवस पर संकल्प

इस विशेष आयोजन में जहाँ एक ओर गंगा दशहरा पर माँ कन्हर की आरती से श्रद्धा उमड़ी, वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छता, जल संरक्षण और नदियों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया।
नगर के शिक्षकों, समाजसेवियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। घाट पर “नदी नहीं करें प्रदूषित”, “जल है तो कल है”, जैसे नारे भी लगाए गए।



