खेत से मटर तोड़ने के शक में नाबालिग बच्चों को दी अमानवीय सजा
खेत से मटर तोड़ने के शक में नाबालिग बच्चों को दी अमानवीय सजा, गांव में भड़का आक्रोश
बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लडुवा से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। खेत से मटर तोड़ने के संदेह मात्र पर गांव के नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि बच्चों के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और सजा के पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में वायरल हो गया।
घटना से आहत एक पीड़ित बच्चे के पिता ने राजपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बच्चों के साथ की गई शारीरिक मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक सजा का विस्तृत उल्लेख किया गया है। मामला सामने आते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को कलंकित करती हैं।
शिकायत मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है और बच्चों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस व प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या अमानवीय व्यवहार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और पुलिस को सूचित करें।
बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे नजरअंदाज करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।



