कोरियागरियाबंदछत्तीसगढ़दिल्लीपुलिसप्रतापपुरबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभाजपाभारतमनेन्द्रगढ़महासमुंदमहेंद्रगढ़मुंबईराजनीतिराजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजरायगढ़रायपुररायपुरवीजापुरसरगुजासुरजपुर

जमीन विवाद बना मौत की वजह: मारपीट के बाद महिला ने तोड़ा दम, 6 आरोपी जेल भेजे गए

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियों पुलिस चौकी के ग्राम सिथमा में जमीन बंटवारे को लेकर हुआ विवाद एक महिला की मौत का कारण बन गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिथमा निवासी कुलन राम (60 वर्ष) ने 17 अप्रैल 2026 को बरियों चौकी पहुंचकर अपनी पत्नी राजो बाई (55 वर्ष) की मौत के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को वह अपने बेटे अमृत और बहू के साथ घर के पास स्थित बाड़ी में मूंगफली की फसल की देखभाल कर रहे थे। उसी दौरान उनकी नतनी पायल घबराई हुई हालत में दौड़ते हुए पहुंची और बताया कि घर पर दादी के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं।


यह सुनकर कुलन राम अपने परिवार के साथ तुरंत घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि गांव के ही संजय मानिकपुरी, उसकी पत्नी परमेश्वरी उर्फ पनेसरी, सरस्वती उर्फ बुधो, राजकुमारी उर्फ जुईया, उसका पति चैतू मानिकपुरी और फुलकुंवर मिलकर उनकी पत्नी राजो बाई के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। आरोपियों द्वारा जमीन के हिस्से को लेकर विवाद किया जा रहा था और कथित रूप से धमकी दी जा रही थी कि यदि जमीन का हिस्सा नहीं दिया गया तो जान से मार देंगे।


परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह राजो बाई को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद राजो बाई की तबीयत बिगड़ती रही, लेकिन अगले दिन 16 अप्रैल को कुलन राम एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव से बाहर चले गए।
इसी दौरान शाम करीब 4 बजे उनके बेटे अमृत ने सूचना दी कि मां की हालत अचानक गंभीर हो गई है। सूचना मिलते ही कुलन राम घर लौटे, जहां उन्होंने देखा कि राजो बाई दर्द से कराह रही थीं और धीरे-धीरे उनकी स्थिति और बिगड़ती जा रही थी। शाम करीब 6 बजे उन्होंने प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया और कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई।


परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान लगी चोटों, मानसिक तनाव और घबराहट के कारण ही राजो बाई की जान गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भेजा।


जांच के दौरान यह पाया गया कि जमीन बंटवारे के विवाद में आरोपियों द्वारा जान से मारने की नीयत से मारपीट की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप महिला की मौत हुई। इस आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में संजय मानिकपुरी, परमेश्वरी उर्फ पनेसरी, सरस्वती उर्फ बुधो, राजकुमारी उर्फ जुईया, चैतू मानिकपुरी और फुलकुंवर शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button