बलरामपुर में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, अब तक 11,781 क्विंटल से अधिक 3 करोड़ का धान जब्त

बलरामपुर, 15 दिसम्बर 2025 राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जिले में लगातार जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। जिले में 49 सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित 49 धान उपार्जन केन्द्रों में अब तक कुल 6,10,296.80 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
इसके साथ ही राइस मिलरों द्वारा 1400 क्विंटल धान का उठाव मीलिंग के लिए किया जा चुका है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक 50 पिकअप सहित अन्य बड़े मालवाहक वाहनों और 10 मोटरसाइकिलों से कुल 11,781.42 क्विंटल धान जब्त किया गया है जिसका लागत मूल्य 36,522,402 रुपए है। अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए सबसे अधिक कार्रवाई रामचंद्रपुर विकासखंड के सनवाल क्षेत्र में की गई है।
उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी का विवरण
जिले के विभिन्न सहकारी समितियों में किसानों से बड़े पैमाने पर धान की खरीदी की गई है। प्रमुख रूप से कपिलदेवपुर में 7906.80 क्विंटल, बादा में 6425.60, कुसमी में 9916, जवाहरनगर में 5862.80, कामेश्वरनगर में 27,560, चांदो में 19,656.40, जमड़ी में 25,550, डूमरपान में 14,199.20, डिंडो में 18,468.40, त्रिकुंडा में 17,078.40, तातापानी में 13,718.40, बड़का गांव में 20,220.80, बरतीकला में 15,635.20, बलरामपुर में 17,303.60, बसंतपुर में 17,336, भंवरमाल में 22,299.20, महाराजगंज में 22,118.80, विजयनगर में 19,422.80, राजपुर में 22,165.20, रामनगर में 16,680.80, वाड्रफनगर में 9,710.40, वीरेंद्रनगर में 20,884.80 एवं अन्य केन्द्रों में भी धान की खरीदी की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध धान परिवहन और भंडारण पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


