रामानुजगंज के कराटे खिलाड़ियों ने नेशनल चैंपियनशिप में जीते 8 मेडल, थाना परिसर में हुआ भव्य स्वागत


रामानुजगंज के चार युवा कराटे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। वाराणसी स्थित सन वैली पब्लिक स्कूल में 6 एवं 7 दिसंबर 2025 को यूनियन शोतोकान कराटे संघ द्वारा आयोजित तृतीय यू.एस.के.ये.आई कप ऑल इंडिया नेशनल कराटे चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक अपने नाम किए। इनमें 4 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों के रामानुजगंज लौटने पर थाना परिसर में उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी रामानुजगंज श्री बाजीलाल सिंह, चौकी प्रभारी विजय नगर श्री अश्विनी सिंह एवं उप निरीक्षक श्री रजवाड़े द्वारा खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

प्रशिक्षक शिहान तरुण शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन इंडिविजुअल काता एवं कुमिते इवेंट्स के लिए हुआ था। देश के 12 राज्यों से आए लगभग 500 से 600 खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतना रामानुजगंज के लिए गर्व की बात है।

पदक विजेता खिलाड़ी
महिमा सिंह सिदार (9 वर्ष, 30 किलो भार वर्ग)
काता – स्वर्ण, कुमिते – स्वर्ण
जानवी सागर (11 वर्ष, अंडर 30 किलो भार वर्ग)
काता – स्वर्ण, कुमिते – स्वर्ण
आशीष कुमार खुटय (12 वर्ष, अंडर 40 किलो भार वर्ग)
काता – रजत, कुमिते – कांस्य
ओजल सागर (11 वर्ष, अंडर 30 किलो भार वर्ग)
काता – कांस्य, कुमिते – कांस्य

उल्लेखनीय है कि ये सभी खिलाड़ी रामानुजगंज थाना परिसर के बच्चे हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने न केवल शहर और राज्य बल्कि थाना परिसर का भी मान बढ़ाया है।
स्वागत समारोह के दौरान हाल ही में पंजाब में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और बेल्ट एग्जाम टॉपर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विजय रावत, ललन पासवान, ओम प्रकाश गुप्ता, किरण पासवान, गर्ल्स प्रशिक्षक रेशम कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शहरवासी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री बाजीलाल सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाकर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी तथा आशा जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
ट्रेनर – तरुण शर्मा मोo 8839476013, 880047542


