
बैकुंठपुर/ अपने बैकुंठपुर के पहले प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आमगांव पहुंचे। आमगांव में उनके आगमन पर यादव समाज द्वारा भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मंत्री ने शामिल होकर समाजजनों का अभिवादन स्वीकार किया।
स्वागत कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रेवा यादव, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, हीरालाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के जनप्रतिनिधियों सहित सामाजिक जन उपस्थित रहे।

स्वागत समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र की प्रमुख जरूरतों से अवगत कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि समाज के विकास और जनहित के कार्यों में शासन के साथ-साथ समाज के लोगों की भूमिका भी अहम होती है। उन्होंने आमगांव में यादव समाज के भवन निर्माण एवं मुक्तिधाम निर्माण के लिए अपनी ओर से सहयोग करने की बात कही। मंत्री के इस आश्वासन के बाद उपस्थित समाजजनों में उत्साह देखने को मिला।

समारोह के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र की अन्य समस्याओं एवं विकास कार्यों की मांग भी रखी। मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए यथासंभव निराकरण का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समाजजनों ने कहा कि मंत्री का यह पहला प्रवास क्षेत्र के लिए सकारात्मक संदेश लेकर आया है और उनके सहयोग से समाजिक कार्यों को गति मिलेगी।



