Uncategorized

कलेक्टर समेत अधिकारी बस से अमृतधारा पहुंचे,पर्यटन को बढ़ावा देने और स्वच्छता का दिया संदेश

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में प्रशासनिक अधिकारियों ने सामूहिक यात्रा और स्वच्छता का संदेश दिया। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एक साथ बस में सवार होकर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अमृतधारा जलप्रपात पहुंचे। उन्होंने लगभग 50 किलोमीटर का सफर तय किया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर की गई।

अमृतधारा पहुंचने के बाद अधिकारियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। स्वच्छता अभियान के दौरान जलप्रपात क्षेत्र में जगह-जगह शराब की खाली बोतलें और अन्य कचरा बिखरा मिला, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकत्र कर साफ किया। अधिकारियों ने पर्यटकों से अपील की कि वे पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें और कचरा न फैलाएं।

अमृतधारा जलप्रपात छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित और स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि शासकीय अवकाश का सदुपयोग करते हुए सभी अधिकारी एक साथ बस से यहां पहुंचे हैं, जिससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम हुई है। उन्होंने कहा कि श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि अपनी प्रकृति और शहर को प्लास्टिक कचरा फैलाकर गंदा न करें, बल्कि कचरा फेंकने के लिए उचित डस्टबिन का उपयोग करें।

Related Articles

Back to top button