गरियाबंदछत्तीसगढ़जसपुरजांजगीर चांपाझारखण्डदिल्लीप्रतापपुरबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभाजपाभारतमनेन्द्रगढ़महेंद्रगढ़मुंबईराजनीतिराजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजरायगढ़रायपुरवीजापुरसरगुजासुरजपुर

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया नहर विस्तार कार्य का शुभारंभ,1314 लाख की नहर परियोजना से 150 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

काशीसोत व्यपवर्तन योजना के नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन, 650 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा


बलरामपुर, 30 मई 2026। जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पिपरोल में काशीसोत व्यपवर्तन योजना के नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री  रामविचार नेताम ने किया। इस परियोजना पर 1314.53 लाख रुपये की लागत आएगी और इसके पूर्ण होने पर क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, जनपद अध्यक्ष बलरामपुर सुमित्रा चेरवा, जनपद अध्यक्ष रामचंद्रपुर मुंद्रिका सिंह, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
परियोजना के तहत 5920 मीटर मुख्य नहर तथा 9910 मीटर माइनर नहर का निर्माण एवं विस्तार किया जाएगा। इसके माध्यम से खरीफ सीजन में 500 हेक्टेयर और रबी सीजन में 150 हेक्टेयर सहित कुल 650 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। साथ ही लगभग 150 किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।


इस अवसर पर मंत्री  रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नहर विस्तार से सेंदुर और पिपरोल क्षेत्र के किसानों को वर्षभर खेती करने का अवसर मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने किसानों से धान के साथ-साथ दलहनी और तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने, मिश्रित खेती अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोबर खाद आधारित जैविक खेती से भूमि की उर्वरता बनी रहती है और उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर होती है।
मंत्री ने कहा कि नहर परियोजना से केवल सिंचाई सुविधाएं ही नहीं बढ़ेंगी, बल्कि पशुपालन और मत्स्य पालन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत विस्तार कार्यों की जानकारी देते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।


कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि नहर विस्तार कार्य से विशेष रूप से रबी फसलों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसान दोहरी फसल लेकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। उन्होंने किसानों से विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की।
क्षेत्रवासियों ने इस परियोजना को कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए खुशी व्यक्त की। नहर विस्तार कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button