राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर रामानुजगंज में पत्रकारिता की पाठशाला, युवाओं को मिला डिजिटल मीडिया का ज्ञान,करियर के नए अवसर
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर रामानुजगंज में पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया पर कार्यशाला, युवाओं को बताए करियर के नए अवसर

रामानुजगंज। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर शासकीय लरंग साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय ‘पत्रकारिता से डिजिटल मीडिया तक: युवाओं के लिए करियर एवं स्वरोजगार की संभावनाएं’ रहा। महाविद्यालय की प्राचार्य रोज़ लीली बड़ा के विशेष प्रयासों और दूरदर्शी पहल से आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों एवं वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और डिजिटल मीडिया में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पारंपरिक पत्रकारिता से लेकर आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता तक की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और वेब पोर्टल, यूट्यूब चैनल तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
कार्यशाला में वक्ताओं ने किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को ग्राउंड रिपोर्टिंग, समाचार लेखन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्षता, जिम्मेदारी, विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पत्रकारिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। प्राचार्य रोज़ लीली बड़ा की इस पहल को शिक्षा और पत्रकारिता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यशाला ने विद्यार्थियों को न केवल पत्रकारिता के नए आयामों से परिचित कराया, बल्कि बदलते मीडिया परिदृश्य में अपने भविष्य के लिए नए अवसर तलाशने की प्रेरणा भी दी।



