
कोरिया। काम के अधिकार की रक्षा को लेकर चल रहे राष्ट्रीय अभियान “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा आज एक दिवसीय उपवास सत्याग्रह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित महात्मा गांधी चौक में संपन्न हुआ।

उपवास सत्याग्रह में पूर्व विधायक गुलाब कमरो सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि गरीब और मजदूर वर्ग के लिए काम के अधिकार का मजबूत आधार है।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मनरेगा को कमजोर करने या समाप्त करने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उपवास सत्याग्रह के माध्यम से केंद्र सरकार से मनरेगा को सशक्त बनाने, पर्याप्त बजट आवंटन और समय पर मजदूरी भुगतान की मांग की गई।




