मनरेगा को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार आंदोलन, रामानुजगंज में एक दिवसीय उपवास और सत्याग्रह

बलरामपुर: मनरेगा को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार आंदोलन, रामानुजगंज में एक दिवसीय उपवास और सत्याग्रह

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को सशक्त प्रदर्शन किया। मध्य बाजार स्थित गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस जिला कमेटी के जिलाध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में मनरेगा बचाव अभियान के तहत एक दिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक सत्याग्रह का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध दर्ज कराया।

उपवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी ऐतिहासिक रोजगार गारंटी योजना की आत्मा को खत्म करने पर तुली हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा का नाम बदलकर “वीबीजी रामजी” (विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण) करना केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि मजदूरों से उनका अधिकार छीनने की कोशिश है।

हरिहर यादव ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए जीवनरेखा साबित हुई है। इस योजना के तहत लोगों को उनके गांव में ही रोजगार मिला और पलायन पर रोक लगी। लेकिन केंद्र सरकार लगातार ऐसी नीतियां बना रही है, जिससे यह योजना धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही है।
उन्होंने वित्तीय हिस्सेदारी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि पहले मनरेगा में 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राशि राज्य सरकार की होती थी। इसके बावजूद कई राज्य सरकारें अपनी सीमित हिस्सेदारी भी समय पर नहीं दे पाती थीं। अब नई व्यवस्था में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी घटाकर 60 प्रतिशत और राज्य सरकार की हिस्सेदारी बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दी गई है। इससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार मनरेगा से अपनी जिम्मेदारी पल्ला झाड़ना चाहती है।
हरिहर यादव ने कहा कि जब पहले 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी में ही राज्यों को परेशानी होती थी, तो अब 40 प्रतिशत की हिस्सेदारी कैसे निभाई जाएगी। यह बदलाव इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे बंद करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसा होने नहीं देगी। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आज गांधी प्रतिमा के समक्ष उपवास रखकर यह संदेश दिया गया है कि कांग्रेस मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। जरूरत पड़ी तो कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और इस जनविरोधी नीति के खिलाफ आंदोलन तेज करेंगे।
उपवास एवं सत्याग्रह कार्यक्रम में बलरामपुर जिले के सभी ब्लॉकों से कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और मनरेगा को यथावत रखने, पर्याप्त बजट देने तथा मजदूरों को समय पर रोजगार और मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक मनरेगा की मूल भावना और मजदूरों के अधिकार सुरक्षित नहीं किए जाते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।




