कोरियागरियाबंदछत्तीसगढ़जसपुरजांजगीर चांपाझारखण्डदिल्लीपुलिसप्रतापपुरबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभारतमनेन्द्रगढ़महेंद्रगढ़मुंबईरंकारघुनाथनगरराजनीतिराजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजरायगढ़रायपुररायपुरवाड्रफनगरवीजापुरसरगुजासूरजपुर

रामानुजगंज में बिजली संकट : वार्डों से ट्रांसफार्मर हटे, लो वोल्टेज से लोग बेहाल

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

वार्डों में बिजली संकट गहराया : ट्रांसफार्मर हटाने से नाराज वार्डवासी, लो वोल्टेज से परेशान आमजन

रामानुजगंज
नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 8, 10, 12 एवं आंशिक रूप से वार्ड क्रमांक 09 के लोग इन दिनों गंभीर बिजली संकट से जूझ रहे हैं। मस्जिद रोड क्षेत्र में स्थापित दो ट्रांसफार्मर—एक मस्जिद कॉर्नर पर और दूसरा पवन गुप्ता के निवास के सामने—को विद्युत विभाग ने अचानक हटा दिया। यह कार्रवाई वार्डवासियों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के बावजूद की गई, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में लो वोल्टेज की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

35–40 वर्षों से सप्लाई कर रहे थे बिजली

विद्युत विभाग को ज्ञापन



जानकारी के अनुसार, ये दोनों ट्रांसफार्मर पिछले 35 से 40 वर्षों से वार्ड क्रमांक 10, 12 और आंशिक रूप से वार्ड 08 एवं 09 की विद्युत आपूर्ति कर रहे थे। उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या और खपत को देखते हुए वार्डवासी लंबे समय से इनकी क्षमता बढ़ाने की मांग कर रहे थे। लेकिन विभाग ने मांग पूरी करने के बजाय इन्हें हटाने का निर्णय ले लिया।

10 सितंबर को हटाए गए ट्रांसफार्मर

दिनांक 10 सितंबर 2025 को विभागीय अमले ने दोनों ट्रांसफार्मरों का लोड नगर पालिका शौचालय के पास और एसडीएम निवास के पीछे स्थित ट्रांसफार्मर में शिफ्ट कर दिया। यह स्थान प्रभावित वार्डों से लगभग 1 से 1.5 किलोमीटर दूर है।

लो वोल्टेज से जनजीवन अस्त-व्यस्त

ट्रांसफार्मर हटाए जाने के 24 घंटे के भीतर ही पूरे वार्ड की बिजली व्यवस्था चरमरा गई।

     रातभर घरों में अत्यधिक कम वोल्टेज रहा।

फ्रिज, कूलर, पंखा, मोटर पंप जैसे घरेलू उपकरण बंद पड़े रहे।

व्यावसायिक प्रतिष्ठान, जो बिजली पर निर्भर हैं, ठप हो गए।

छोटे कारोबारी और दुकानदारों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।


वार्डवासी बताते हैं कि बिजली की इस स्थिति से बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।

“कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुँचाने की कोशिश”

वार्डवासियों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि विद्युत विभाग ने यह कदम जनता की सुविधा के लिए नहीं बल्कि कुछ चुनिंदा व्यक्तियों को लाभ पहुँचाने के लिए उठाया है। उनका कहना है कि नगर के हृदयस्थल माने जाने वाले वार्डों से दो-दो ट्रांसफार्मर हटाकर उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे यहाँ की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हो गई।

जिला अधिकारी के निरीक्षण के दौरान गुस्सा फूटा

बीते दिन जब जिला अधिकारी निरीक्षण पर पहुंचे तो नाराज वार्डवासियों ने उन्हें घेर लिया और समस्या से अवगत कराया। इस दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों के बीच नोकझोंक की नौबत आ गई। घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

                   वार्डवासियों की मांग

1. हटाए गए ट्रांसफार्मरों को उनकी मूल जगह पर पुनः स्थापित किया जाए।


2. बढ़ते लोड को देखते हुए उनकी क्षमता बढ़ाई जाए।


3. वार्डवासियों की लिखित आपत्तियों को दरकिनार कर की गई इस मनमानी कार्रवाई की जाँच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

                     आंदोलन की चेतावनी

वार्डवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।

              फिलहाल समाधान अधर में

खबर लिखे जाने तक न तो ट्रांसफार्मर पूर्ववत लगाए गए हैं और न ही लो वोल्टेज की समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला गया है। विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

Related Articles

Back to top button