यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ FIR की मांग,भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री पर टिप्पणी को लेकर ज्ञापन सौंपा

मनेन्द्रगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सिटी कोतवाली पहुंचकर यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा।भाजयुमो का आरोप है कि यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ अभद्र, आपत्तिजनक और मर्यादाहीन भाषा का प्रयोग किया है।

भाजयुमो नेताओं ने कहा कि मंत्री रामविचार नेताम एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ आदिवासी समाज के सम्मानित नेता भी हैं। उनके खिलाफ की गई इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर मर्यादा का उल्लंघन बताया। कोतवाली पहुंचे भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा, अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजयुमो आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष आदित्य अग्रवाल, जलील शाह, हिमांशु श्रीवास्तव,रवि सोनकर, कुनाल सिंह, राजनाथ सिंह, बाबू सोनकर, भारत दुबे, अजय सिंह, बलराम सिंह, वाशु चौधरी, महेश सिंह, राहुल जायसवाल, विक्की दुबे, रविंद अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


