रामानुजगंज में सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद, भाजपा ने थाने में दिया धरना, पुलिस ने दर्ज की FIR

रामानुजगंज में सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद, भाजपा ने थाने में दिया धरना, पुलिस ने दर्ज की FIR
रामानुजगंज।
कृषि मंत्री व क्षेत्रीय विधायक रामविचार नेताम के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के विरुद्ध भाजपा और युवा मोर्चा का विरोध प्रदर्शन सोमवार को रामानुजगंज थाने में देखने को मिला। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे, नारेबाजी की और धरना देते हुए एफआईआर की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से जुड़ा है, जिसे लेकर आरोप है कि इनफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो ने कृषि मंत्री रामविचार नेताम पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। यह वीडियो उनके फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया था, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।
जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव ने बताया कि मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया है, वह पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से भाजपा कार्यकर्ता आज रामानुजगंज थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
भाजपा कार्यकर्ता अश्विनी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 जनवरी 2025 को आकांक्षा टोप्पो द्वारा यह वीडियो पोस्ट किया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी आकांक्षा टोप्पो द्वारा मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और अन्य भाजपा नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की जा चुकी है, जिस पर पहले भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इसके बावजूद इस तरह की भाषा का प्रयोग लगातार किया जा रहा है।

भाजपा और युवा मोर्चा की मांग है कि केवल एफआईआर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के विवादित कंटेंट पर रोक लग सके।
भाजपा का आरोप है कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम के कामकाज और एक वायरल ऑडियो को लेकर बनाए गए कंटेंट में मर्यादा की सीमा पार की गई, जिसके कारण यह पूरा विवाद खड़ा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




