डीजे बंद कराने पर भड़के गणेश पूजा समिति के लोग, थाने का किया घेराव

डीजे बंद कराने पर भड़के गणेश पूजा समिति के लोग, रामानुजगंज थाने का घेराव
विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस ने डीजे बंद करने को कहा, नाराज समिति के लोगों ने करीब आधे घंटे तक थाने के बाहर किया प्रदर्शन; समझाइश के बाद लौटे
रामानुजगंज। गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान शनिवार को डीजे बंद कराने को लेकर स्थिति गरमा गई। पुलिस द्वारा डीजे बंद करने के लिए कहे जाने से नाराज गणेश पूजा समिति के लोग बड़ी संख्या में रामानुजगंज थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। करीब आधे घंटे तक समिति के लोग थाने के बाहर मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल भी बुलाया।

जानकारी के अनुसार, गणेशोत्सव से पहले रामानुजगंज में आयोजित शांति समिति की बैठक में डीजे पर प्रतिबंध सहित त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए थे। इसी बीच शनिवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए एक समिति का जुलूस डीजे के साथ थाना रोड से गुजर रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने जुलूस में बज रहे डीजे को बंद करने के लिए कहा। पुलिस की कार्रवाई से समिति के लोग नाराज हो गए और बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर घेराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने समिति के लोगों से बातचीत कर उन्हें डीजे प्रतिबंध से संबंधित निर्देशों की जानकारी दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
करीब आधे घंटे तक थाने के बाहर मौजूद रहने के बाद पुलिस की समझाइश पर समिति के लोग वापस लौट गए। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित किया। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




