अश्लील गानों पर सख्ती: बलरामपुर में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य निलंबित

बलरामपुर जिले में अश्लील गानों पर फिर सख्ती, स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य निलंबित
बलरामपुर। जिले के विद्यालयों में अश्लील गानों पर छात्रों के डांस के वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है। इस क्रम में रामचंद्रपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य बसंत गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है।


विशेष सूत्रों के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान प्राचार्य बसंत गुप्ता को जेडी कार्यालय, अंबिकापुर में संबद्ध किया गया है।
गौरतलब है कि बलरामपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों से पिछले कुछ दिनों में अश्लील गानों पर छात्रों के डांस के वीडियो
वायरल हुए थे। वाड्राफनगर के एक विद्यालय की प्रयोगशाला में छात्रों का डांस करते वीडियो सामने आया था। इसके अलावा रामचंद्रपुर विद्यालय में छात्राओं के अश्लील गाने पर डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। भंवरमाल विद्यालय से भी इसी तरह का मामला सामने आया था।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा संभाग के कमिश्नर ने लगातार कार्रवाई की है। “लहरीया लुटा ए राजा जी” और “मक्कइया में” जैसे अश्लील गानों के बजाए जाने को लेकर यह सख्त कदम उठाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है और यहां अनुशासन व मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
जिले में इस कार्रवाई के बाद शैक्षणिक संस्थानों में हड़कंप मच गया है और अन्य विद्यालयों को भी सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।



