रस्सी से हाथ बांधकर युवक की पिटाई, चलगली पुलिस ने दबोचे आरोपी

थाना चलगली पुलिस ने युवक को बांधकर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
बलरामपुर-रामानुजगंज, 29 सितम्बर 2025।
थाना चलगली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुभय आयम पिता इन्दल आयम, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुरका थाना चलगली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 24-25 सितम्बर 2025 की दरम्यानी रात अपने प्रेमिका से मिलने ग्राम अलका गया था। उसी दौरान गांव के ही दो व्यक्तियों ने उसे पकड़ लिया।

आरोप है कि लहन सिंह धुर्वे पिता घासीराम (उम्र 46 वर्ष) एवं रामरुप पिता मधुप्रसाद (उम्र 30 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम अलका थाना चलगली ने युवक को जबरन रोककर पहले उसके हाथों को रस्सी से बांधा और फिर डण्डे से उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पीड़ित युवक की शिकायत पर थाना चलगली में अपराध क्रमांक 75/2025, धारा 296, 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
थाना चलगली पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।



