छत्तीसगढ़मनेन्द्रगढ़

केंद्रीय बजट को व्यापारी संगठन ने सराहा, कैट ने बताया संतुलित और विकासोन्मुख…

मनेन्द्रगढ़ । देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत किया है। CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन तथा CAIT इकाई एम.सी.बी. के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने संयुक्त रूप से कहा कि यह बजट माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के Vision 2047 – विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है।
CAIT छत्तीसगढ़ का मानना है कि यह बजट व्यापारियों, MSME उद्यमियों, उद्योग जगत और टैक्सपेयर्स के लिए सरलता, स्थिरता, निवेश और दीर्घकालिक विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
बजट में प्रस्तावित 12.2 लाख करोड़ से अधिक के पूंजीगत व्यय से सड़क, रेल, लॉजिस्टिक्स, रेलवे कॉरिडोर, बंदरगाह, कोस्टल कार्गो तथा औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और रेलवे कॉरिडोर के विस्तार से माल ढुलाई की लागत घटेगी, डिलीवरी समय कम होगा और देशभर के व्यापारियों को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्राप्त होगी। इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया गया यह बड़ा निवेश सीधे तौर पर बाजार में मांग, रोजगार और उपभोग को बढ़ावा देगा।
बजट में MSME सेक्टर को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से “ग्लोबल चैंपियन” दृष्टिकोण को मजबूती दी गई है।

औद्योगिक मॉडल, टियर-2 और टियर-3 शहरों में नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना तथा लगभग 200 नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के प्रावधान छोटे उद्योगों और व्यापारियों के लिए नए अवसर खोलेंगे। इससे स्थानीय उत्पादन बढ़ेगा, सप्लाई चेन सशक्त होगी और आयात पर निर्भरता कम होगी।
CAIT छत्तीसगढ़ बजट में सेमीकंडक्टर, चिप मैन्युफैक्चरिंग, AI आधारित सेवा क्षेत्र और एडवांस टेक्नोलॉजी पर दिए गए विशेष फोकस को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानता है। इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल मशीनरी और डिजिटल सेवाओं से जुड़े व्यापारियों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। वहीं रेयर अर्थ मिनरल्स और रणनीतिक कच्चे माल पर विशेष ध्यान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम है।
टेक्सटाइल सेक्टर, पर्यटन और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने वाले प्रावधान सेवा क्षेत्र और रोजगार सृजन के लिए सकारात्मक संकेत हैं। मेडिकल टूरिज्म और जिला स्तर पर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से न केवल विदेशी मुद्रा अर्जन होगा, बल्कि होटल, ट्रांसपोर्ट, रिटेल और स्थानीय व्यापार को भी व्यापक लाभ मिलेगा। पर्यटन से जुड़े व्यापारियों के लिए यह बजट नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।
टैक्सेशन के मोर्चे पर CAIT छत्तीसगढ़ नए आयकर कानून –

Income Tax Act, 2025 को एक ऐतिहासिक सुधार मानता है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। रिटर्न फॉर्म का सरलीकरण, Form 15G/15H की आसान प्रक्रिया तथा संशोधित रिटर्न की समय-सीमा को मार्च तक बढ़ाना व्यापारियों और टैक्सपेयर्स को बड़ी मानसिक राहत देगा। इससे अनावश्यक नोटिस, विवाद और पेनल्टी की संभावनाएं कम होंगी तथा टैक्स सिस्टम में विश्वास बढ़ेगा।
TDS और TCS से जुड़ी राहतें — जैसे विदेशी टूर पैकेज पर TCS को घटाकर 2 प्रतिशत करना तथा शिक्षा हेतु LRS के अंतर्गत TCS को 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत करना — व्यापारियों और आम जनता की वर्किंग कैपिटल को मजबूत करेंगी। लोअर और निल TDS सर्टिफिकेट की प्रक्रिया को सरल बनाए जाने से MSME और व्यापारियों की पूंजी अनावश्यक रूप से फँसने से बचेगी।
CAIT छत्तीसगढ़ का स्पष्ट मत है कि केंद्रीय बजट 2026-27 व्यापारियों, MSME और उद्योग जगत के लिए भरोसे और स्थिरता का बजट है। यदि बजट की घोषणाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाता है, तो देश के लगभग 8 करोड़ व्यापारी और उद्यमी वर्ग को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और भारत Vision 2047 के लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर होगा।

Related Articles

Back to top button